आजमगढ़। जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में हत्या के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी गैंगेस्टर को पुलिस ने अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस लंबे समय से आरोपी की तलाश में जुटी थी।
मिली जानकारी के अनुसार जीयनपुर थाना क्षेत्र के भरौली गांव की निवासी शिवकुमारी पत्नी स्वर्गीय श्याम कुंवर चौहान ने 29 मार्च 2025 को थाने में तहरीर देकर बताया था कि 28 मार्च को उनका पुत्र अश्वनी चौहान (32 वर्ष) गांव के रामचन्द्र उर्फ मैकू यादव और गौरव सिंह के साथ दावत खाने जीयनपुर गया था। दावत के बाद घर लौटते समय जमीन नरहन गांव के पास सड़क किनारे अश्वनी चौहान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जिसके शरीर पर चोट के निशान थे।
इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए जीयनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान कई अन्य आरोपियों के नाम सामने आए और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर कुल 9 अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में भेजा गया, जबकि एक आरोपी बाल अपचारी पाया गया और एक महिला अभियुक्ता के खिलाफ अलग कार्रवाई की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गैंग चार्ट तैयार कर गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया।
इसी क्रम में बुधवार को उपनिरीक्षक जाफर खां पुलिस टीम के साथ नरईपुर बाजार में चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित और 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी आकाश यादव बागखालिस बाजार से बक्खोपुर मार्ग की ओर मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बक्खोपुर मार्ग से आकाश यादव पुत्र रामसमुझ यादव निवासी दाउदपुर थाना जीयनपुर को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस बरामदगी के आधार पर जीयनपुर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।
