रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़ । जिले के हरैया ब्लॉक के हैदराबाद गांव में मंगलवार रात एक असामान्य और चौंकाने वाली घटना देखने को मिली। गांव के एक घर में अचानक घड़ियाल घुसने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के समय घर में परिवार के सदस्य मौजूद थे, जो घड़ियाल के अचानक घर में आने से दहशत में आ गए। परिवार के लोग किसी तरह घर से बाहर निकले और अपनी जान बचाई।
घटना की जानकारी पड़ोसियों और आसपास के ग्रामीणों को लगी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोग घड़ियाल को पकड़ने और उसे बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे, वहीं यह दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल होना भी शुरू हो गया। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी, जिस पर वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घड़ियाल को रेस्क्यू कर सुरक्षित अपने साथ ले गई।
घड़ियाल के अचानक घर में आने के कारण इलाके में डर और उत्सुकता का माहौल बन गया। लोग आशंका जता रहे हैं कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के चलते यह घड़ियाल संभवतः नदी क्षेत्र से आकर घर में घुसा होगा। सौभाग्यवश, इस घटना में किसी को कोई चोट या हानि नहीं हुई।
