आज़मगढ़। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीकृष्ण गौशाला समिति, पहाड़पुर (आज़मगढ़) द्वारा गोपाष्टमी पर्व का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन दिनांक 29 अक्टूबर, बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न होगा।

समिति के अध्यक्ष अनूप कुमार अग्रवाल ने बताया कि गोपाष्टमी पर्व के अवसर पर गौशाला परिसर में विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7:00 बजे हवन से होगा, जिसके उपरांत गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की जाएगी। इसके बाद भक्तजन गौमाता की परिक्रमा कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।

गौ भक्तों की आस्था को ध्यान में रखते हुए समिति द्वारा तुलादान की विशेष व्यवस्था भी की गई है। इस पावन अवसर पर श्रीकृष्ण भगवान की भव्य प्रतिमा का स्थापना समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

समिति के अनुसार कार्यक्रम सुबह 7:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक चलेगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं भंडारा की भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि सभी भक्तजन एक साथ बैठकर गौमाता के आशीर्वाद का आनंद उठा सकें।

अध्यक्ष अनूप कुमार अग्रवाल ने नगरवासियों एवं समस्त गौ भक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गौसेवा, पूजन और हवन में भाग लें तथा इस पुण्य पर्व के साक्षी बनें।