रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) आजमगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को हरिऔध कला केंद्र, आजमगढ़ में विश्व युवा कौशल दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कौशल प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, यूथ आईकॉन अवार्ड, श्रेष्ठ प्रशिक्षण प्रदाताओं एवं जनपद के प्रतिष्ठित उद्यमियों का सम्मान, साथ ही रोजगार मेले में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री रामपाल सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम की गरिमा को मुख्य विकास अधिकारी श्री परिक्षित खटाना ने अपनी उपस्थिति से बढ़ाया।मुख्य अतिथि द्वारा जिले के सर्वश्रेष्ठ वेतन पर कार्यरत चयनित युवाओं को यूथ आईकॉन अवार्ड से नवाजा गया। साथ ही प्रशिक्षण प्रदाताओं को प्रशस्ति पत्र व अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने दिनांक 14 जुलाई 2025 को आयोजित रोजगार मेले में चयनित 11 श्रेष्ठ वेतन पाने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

इस अवसर पर कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य/जिला समन्वयक  नागेंद्र सिंह की भूमिका सराहनीय रही। उनके निर्देशन में पूरा आयोजन सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में कार्यदेशक  रविंद्र नाथ यादव,  अवधेश, एमआईएस प्रबंधक शिवम सिंह, श्रीमती एकता, पंकज श्रीवास्तव सहित आईटीआई एवं कौशल विकास मिशन से जुड़े सभी कार्मिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।