रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया, आज़मगढ़।आज़ादी के 78 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के लालगंज जिलाध्यक्ष विनोद राजभर के नेतृत्व में अतरौलिया डाकबंगला से भव्य तिरंगा झंडा यात्रा निकाली गई। यात्रा डाकबंगले से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए अतरौलिया रोडवेज पर राष्ट्रगान के साथ सम्पन्न हुई।

यात्रा के दौरान ग्रामवासियों, नगर वासियों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारे लगाए। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिन घरों पर तिरंगा नहीं लगा था, वहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा भेंट कर उसे फहराया। यह तिरंगा यात्रा लगभग 2 किलोमीटर लंबी रही।
जिलाध्यक्ष विनोद राजभर ने कहा, “तिरंगा राष्ट्र का सम्मान है। आजादी के 78 वर्ष पर हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि तन-मन-धन से राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे।” पुलवामा हमले में शहीद हुए सैनिकों के सम्मान में भी इस तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

भाजपा नेता नवीन सिंह ने कहा कि यह किसी पार्टी विशेष का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत के सम्मान की यात्रा है। वहीं हर्षित सिंह ने कहा कि पुलवामा में जब महिलाओं ने तिरंगा हाथ में उठा लिया, तो हम सबको भी उनके सम्मान में तिरंगा लेकर भारत की शान के लिए आगे आना चाहिए। तिरंगा यात्रा के दौरान थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा सहित पुलिस फोर्स लगातार सुरक्षा के लिए लगी रही।
इस मौके पर जितेंद्र सिंह, चंद्रजीत तिवारी, जय प्रकाश पांडेय, नवीन सिंह, अभिषेक सिंह, धर्मेंद्र निषाद, रामचंद्र जायसवाल, हरीश तिवारी, दुर्ग विजय सिंह पिंटू, हर्षित सिंह, नीरज तिवारी, देवनारायण मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
