आज़मगढ़। जिले  के सिधारी थाना क्षेत्र स्थित गेलवारा गांव के हनुमानगढ़ी मंदिर में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब मंदिर के पुजारी के नाती का शव फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार जौनपुर जनपद के शाहगंज थाना क्षेत्र के छताई कला गांव निवासी निलेश मिश्रा (21) पुत्र अयोध्या प्रसाद मिश्रा अपने नाना शिव सहाय दास (75) के साथ आज़मगढ़ के सिधारी क्षेत्र के गेलवारा गांव स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में रहते थे। नाना की सेवा और मंदिर में पूजापाठ की जिम्मेदारी वही संभालते थे।

बताया जा रहा है कि मंगलवार की शाम करीब चार बजे किसी बात से क्षुब्ध होकर निलेश मंदिर के उत्तर दिशा वाले छत पर बने चुल्ले के सहारे गमछे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की जानकारी सबसे पहले मंदिर में मौजूद उसकी मां मुन्नी देवी को हुई, जिसने शोर मचाते ही गांव में अफरा-तफरी मचा दी। सूचना पर थाना प्रभारी आरके सिंह, दरोगा जावेद सिद्दीकी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी आरके सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।