आजमगढ़। जिले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत चलाए जा रहे विशेष महाभियान को पहले ही दिन जबरदस्त प्रतिसाद मिला है। जनपद भर में लगाए गए शिविरों में हजारों पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि 26 से 28 फरवरी 2026 तक जनपद में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष महाभियान संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक सभी राशन दुकानों पर शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों का सत्यापन करते हुए मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं।
अभियान के पहले दिन ही करीब 8 हजार आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिसे प्रशासन ने उत्साहजनक प्रगति बताया है। स्वयं सीएमओ ने पल्हनी क्षेत्र के शिविरों का निरीक्षण किया, जबकि अन्य वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों ने विभिन्न ब्लॉकों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्य चिकित्साधिकारी के अनुसार, इस महाभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ना है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज का लाभ मिल सके। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से शेष दो दिनों में अपने नजदीकी राशन दुकान शिविर पर पहुंचकर आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की है।
