रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के रौनापार थानां क्षेत्र में बीते 31 जुलाई की रात को शराब की दुकान में चोरी का प्रयास करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया है। पकड़े गए अभियुक्त के पास से एक देशी तमंचा, कारतूस और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। जबकि चार अभियुक्त फरार हो गए।
बताते चले कि वादी शराब के दुकान के अनुज्ञापी राजकुमार गोंड़ निवासी ग्राम अजगरा मशर्फी (नैनीजोर) थाना रौनापार ने बीते 1 अगस्त को थाने में तहरीर दी कि उनकी सरकारी देशी शराब की दुकान, जो ग्राम महुला में स्थित है, वहां 31 जुलाई को रात करीब 10 बजे छह अज्ञात चोरों ने चोरी की कोशिश की। चोरों के पास हथियार भी थे और यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। इस आधार पर थाना रौनापार में एफआईआर दर्ज की गई।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को थानाध्यक्ष मन्तोष सिंह और चौकी प्रभारी विवेक सिंह पुलिस टीम के साथ काखभार बाजार में चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि चोरी का प्रयास करने वाले लोग लाटघाट-महुला मुख्य मार्ग के पास नहर किनारे किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की, लेकिन अभियुक्तों में से एक ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे एक आरोपी शिवम यादव, पुत्र लालधर यादव, निवासी महुला डाड़ी, थाना रौनापार के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसे इलाज के लिए सीएचसी अजमतगढ़ भेजा गया।
इस दौरान एक बाल अपचारी को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि चार अन्य अभियुक्त अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार शिवम यादव के पास से एक देशी तमंचा , एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल (बिना नंबर) बरामद की गई है। इसके खिलाफ विभिन्न थानां क्षेत्रों में कुल दस मुकदमे दर्ज है। पुलिस अब फरार चारों अभियुक्तों की तलाश में जुट गई है
