आजमगढ़। न्यायिक प्रक्रिया को मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में एक साथ कई महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए।  प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय एहसानउल्ला खान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के समन्वय से आयोजित इस लोक अदालत के माध्यम से कुल 213 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इनमें सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि 40 दम्पत्ति जोड़ों का पुनर्मिलन रहा, जो लंबे समय से वैवाहिक विवादों के चलते अलग रह रहे थे। वहीं मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत  न्यायालय व पुलिस के संयुक्त प्रयास से अब तक 117 प्रकरणों में पीड़िता/वादिनी को कुल 21,14,000 रुपये एवं भूमि भरण-पोषण के रूप में दिलाया जा चुका है। इन प्रयासों से न केवल न्यायालयों में लंबित मामलों में कमी आई, बल्कि कई परिवारों को सामाजिक, मानसिक और आर्थिक राहत भी मिली।

राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान वैवाहिक विवादों में उलझे दम्पत्तियों की काउंसलिंग कर आपसी सहमति से समझौता कराया गया। इस प्रक्रिया में  प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय एहसानउल्ला खान, अपर प्रधान पारिवारिक न्यायाधीश संदिपा यादव व प्रेम शंकर, अपर जनपद न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत संतोष यादव, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंकित वर्मा, अपर प्रधान न्यायाधीश श्रवण कुमार गुप्ता व विनय कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी नगर आजमगढ़ शुभम तोडी, प्रधान न्यायाधीश के परामर्शदाता कुलदीप कुमार सिंह सहित पुलिस प्रशासन का सहयोग सराहनीय रहा। सभी अधिकारियों ने विश्वासपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में दोनों पक्षों को समझाने का निरंतर प्रयास किया, जिसके परिणामस्वरूप 40 बिखरते परिवार पुनः एकजुट हो सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के सहयोग से न्यायालय परिसर में ही पुनर्मिलन करने वाले 40 दम्पत्ति जोड़ों को फूल-मालाएं पहनाकर व उपहार भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ विदा किया गया। मंत्रोच्चारण के बीच दम्पत्तियों ने न्यायालय एवं पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रधान पारिवारिक न्यायाधीश एहसानउल्ला खान ने अपने संबोधन में कहा कि पारिवारिक विवाद हर घर में होते हैं, लेकिन आपसी समझ और संवाद से उनका समाधान संभव है। वर्षों बाद दम्पत्तियों का पुनर्मिलन देखकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने सभी को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। यह आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश के रूप में सामने आया।