रिपोर्ट:अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र में बीती देर रात पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक अन्य को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस, चापड़, चाकू, मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद हुई है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बीती रात थाना महराजगंज पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम अहरिगांव नहर पुलिया के पास कुछ बदमाश किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन दोबारा फायरिंग का प्रयास किया गया। जवाबी कार्रवाई में अबु जैद (23) निवासी निजामाबाद के दाहिने पैर और अनिल नोना (21) निवासी महराजगंज के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि अब्दुला (19) को मौके से दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी तमंचा, कारतूस, एक चापड़, दो चाकू, चार मोबाइल और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में घायल अभियुक्तों ने बताया कि वे सुनियोजित तरीके से छुट्टा गोवंश को सुनसान स्थानों पर ले जाकर अवैध वध कर मांस ऊंचे दामों पर बेचते थे। अवशेषों को नदी-नालों में फेंककर या जमीन में गाड़कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास करते थे।
पुलिस के मुताबिक अनिल नोना और अबु जैद के खिलाफ गोवध, चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
