आजमगढ़। यातायात माह नवम्बर के अंतर्गत गुरुवार को यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के कुशल निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री विवेक त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। प्रशिक्षणाधीन क्षेत्राधिकारी अरुण परासर के नेतृत्व में थाना रानी की सराय क्षेत्र के बेलइसा स्थित पेट्रोल पंप के पास लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन की गति नियंत्रण में रखने तथा मोबाइल का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। लोगों से अपील की गई कि वे अपने साथ-साथ दूसरों की भी सुरक्षा का ध्यान रखें।
यातायात पुलिस ने आमजन से कहा
यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।
