आजमगढ़। दिल्ली में बीती रात हुए विस्फोट के बाद सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। इस घटना में अब तक 8 लोग मारे गए और कई घायल हुए हैं। इसी को देखते हुए आजमगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का  निरीक्षण और समीक्षा की।

पुलिस उप महानिरीक्षक आजमगढ़ रेंज सुनील कुमार सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर कानून-व्यवस्था, शांति एवं सुरक्षा की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों/कर्मचारियों को सतर्क रहकर सक्रियता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की सघन चेकिंग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लावारिस वस्तुओं जैसे बैग या वाहन की जांच के लिए विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु डॉग स्क्वायड एवं बम निरोधक दस्ते (BDS) को लगातार भ्रमणशील रहकर चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों, घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी बढ़ाने पर बल दिया गया।

पुलिस उप महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। निरीक्षण के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक आजमगढ़, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ सहित सहायक अपर पुलिस अधीक्षक नगर, थाना प्रभारी, डॉग स्क्वायड, BDS टीम और अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि  आजमगढ़ पुलिस को निर्देशित किया है कि वे हर संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाएं। पुलिस हर समय सतर्क रहे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करे।

एसएसपी आजमगढ़ डॉ सुनील कुमार ने कहा कि नागरिकों से अपील है कि वे अफवाहों में न फंसें और संदिग्ध वस्तुओं या व्यक्तियों की तुरंत सूचना दें। हमारी टीम पूरी तरह से हर स्थिति के लिए तैयार है।