आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के बरईपुर नहर पुल के पास रविवार शाम एक अनियंत्रित कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिसके बाद कार नहर में जा गिरी। हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

बरईपुर गांव के रहने वाले इंदल 36 वर्ष  पुत्र रामनाथ राम साइकिल से शाहपुर बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर उनकी साइकिल से भिड़ गई। हादसे में इंदल राम गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग घबराकर कार को नहर में ही छोड़कर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल इंदल को  एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना पर  पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।