आजमगढ़।  जिले में सोमवार की आधी रात 3593 स्थानों पर होलिका दहन किया गया। पूरे जिले में जयकारों के बीच पर्व पारंपरिक रीति-रिवाज से संपन्न हुआ। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम से ही जिलेभर में होलिका दहन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। आधी रात को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विधिवत होलिका दहन किया गया। इस दौरान लोगों ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया और एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की खुशियां मनाईं।


प्रशासन की ओर से जिले में कुल 3593 स्थानों को होलिका दहन के लिए चिन्हित किया गया था। इनमें 194 स्थल अतिसंवेदनशील, 186 स्थल संवेदनशील और 3213 स्थल सामान्य श्रेणी में रखे गए थे। अति संवेदनशील और संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई, साथ ही फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग की भी व्यवस्था रही।


सुरक्षा व्यवस्था के तहत 3650 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी, जिनमें 2300 पुलिसकर्मी तथा 1350 होमगार्ड और पीआरडी जवान शामिल रहे। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि होली के अवसर पर निकलने वाले 14 जुलूसों की पहचान कर उनके लिए समुचित पुलिस बल लगाया गया था। सिविल डिफेंस के सदस्यों और पुलिस मित्रों के सहयोग से विशेष टीमें भी तैनात रहीं। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस लगातार गश्त करती रही, जिससे पूरा पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।