आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंभीरपुर बाजार के पास तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से अपाचे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब सवा आठ बजे दोनों युवक बाइक से ठेकमा से आजमगढ़ की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे गंभीरपुर बाजार के समीप पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की गर्दन धड़ से अलग हो गई और उनके सिर करीब 50 मीटर दूर जा गिरे। सड़क पर खून फैल जाने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर गंभीरपुर चौकी इंचार्ज संदीप दूबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय आजमगढ़ भेजा और कड़ी मशक्कत के बाद जाम हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
मृतकों की पहचान 40 वर्षीय पूर्व प्रधान संतोष यादव पुत्र मुन्ना यादव निवासी ग्राम सिंघड़ा थाना गंभीरपुर और 32 वर्षीय संदीप यादव पुत्र अमिताभ यादव निवासी ग्राम भगवानपुर थाना बरदह के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रेलर चालक को वाहन सहित हिरासत में ले लिया है।
सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मौत हुई है। ट्रेलर चालक और खलासी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
