आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौक पर बुधवार देर रात ट्रक और पिकअप की आमने-सामने टक्कर में बड़ा हादसा हो गया। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अनियंत्रित ट्रक पुलिस बूथ में जा घुसा।
मिली जानकारी के अनुसार निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौक पर बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे बने पुलिस बूथ में जा घुसा, जिससे बूथ को भी नुकसान पहुंचा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही फरिहा पुलिस चौकी की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां तीनों की हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते हादसा इतना भयावह हुआ। वहीं थाना प्रभारी निजामाबाद हीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
गुरुवार सुबह करीब सात बजे पुलिस ने क्रेन मंगवाकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटवाया और यातायात को सुचारू कराया। फिलहाल मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
