रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कपसेठा गांव में बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब गांगी नदी में ग्रामीणों ने एक अर्धनग्न महिला का शव बहता हुआ देखा। यह दृश्य देखकर गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई। मौके पर क्षेत्राधिकारी भूपेश पांडेय, कोतवाल विमल प्रकाश राय, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड तथा एसओजी की टीम तत्काल पहुंची। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक छानबीन के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस जांच में मृतका की पहचान 37 वर्षीय प्रमिला पत्नी भानु निवासी चेवार पूरब बनवासी बस्ती के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, प्रमिला दो दिन पूर्व अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसे बहुत खोजा लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। बुधवार की सुबह उसका शव संदिग्ध अवस्था में गांगी नदी में पाया गया।महिला के शरीर पर कपड़े पूरी तरह से नहीं थे, जिससे यह संदेह और गहराता है कि उसके साथ किसी प्रकार की अनहोनी तो नहीं हुई है। देवगांव कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि घटना के पीछे का सटीक कारण और परिस्थितियाँ पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मृतका का पति भानु घटना के बाद से लापता है। पुलिस को शक है कि घटना में उसका हाथ हो सकता है, जिसके कारण उसकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही है और भानु के मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की जा रही है।
प्रमिला का मायका जौनपुर जनपद के बर्दिया गांव में है, जो घटनास्थल से ज्यादा दूर नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के ससुर रामलाल पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और घटना की जानकारी दी।
एसपी ग्रामीण मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि आज सुबह देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कपसेठा गांव में एक महिला का शव मिलने कि सूचना पर स्थानीय पुलिस, सीओ और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुचकर शव को क्क़ब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान देवगांव कोतवाली के चेवार गांव निवासिनी प्रमिला पत्नी भानु के रूप में हुई है। इस घटना में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
