रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। पैतृक जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के मामले में वांछित पति-पत्नी को कंधरापुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बेलाइसा के पास नीबी कॉलोनी में दबिश देकर दोनों को पकड़ा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना कंधरापुर क्षेत्र के जोलहापुर निवासी अवनीश राय पुत्र स्व. बृजभूषण राय और उनकी पत्नी नूतन राय पर आरोप है कि उन्होंने अन्य लोगों के साथ मिलकर पैतृक जमीन से संबंधित दस्तावेजों में धोखाधड़ी करते हुए संपत्ति को छलपूर्वक बेच दिया और आर्थिक लाभ प्राप्त किया। इस संबंध में 8 जनवरी को अरुण कुमार राय, सुशील राय, बृजेश राय, नीरज राय और अश्विन राय ने थाना कंधरापुर में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि बीमार और असहाय स्थिति का फायदा उठाते हुए परिवार की पैतृक भूमि को धोखाधड़ी से बेच दिया गया और प्राप्त धनराशि का दुरुपयोग किया गया। विरोध करने पर वादी पक्ष को धमकाने की भी बात सामने आई। तहरीर के आधार पर थाना कंधरापुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
मंगलवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार पुलिस टीम और महिला आरक्षी के साथ अभियुक्तों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी बेलाइसा के पास नीबी कॉलोनी स्थित अपने रिश्तेदार के घर पर मौजूद हैं और कहीं जाने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और घर के आंगन से अवनीश राय तथा उनकी पत्नी नूतन राय को गिरफ्तार कर लिया।
महिला अभियुक्ता को महिला आरक्षी सुमन पासवान की अभिरक्षा में रात्रि विश्राम के लिए महिला थाना आजमगढ़ भेजा गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है
