रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया/आज़मगढ़। क्षेत्र के मोमिन मस्जिद के तत्वावधान में रमजान के 20वें रोजे के अवसर पर भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रोजेदारों और स्थानीय लोगों ने शिरकत की। सभी ने एक साथ बैठकर खजूर से रोजा खोला और आपसी भाईचारे व गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की।
इफ्तार से पूर्व आयोजित कार्यक्रम में मौलाना मोहम्मद अब्दुल बारी नईमी आज़मी ने कहा कि इफ्तार पार्टी केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से लोगों के बीच आपसी सम्मान और नजदीकियां बढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि एक साथ दस्तरखान पर बैठकर रोजा खोलने से समाज में आपसी दूरियां मिटती हैं और रिश्तों में मिठास आती है। मौलाना ने कहा कि इफ्तार पार्टी हमारी मिली-जुली तहजीब का अहम हिस्सा है, जिसके माध्यम से पूरी दुनिया को शांति और मानवता का संदेश दिया जाता है। यह आयोजन एक मजबूत और प्रेमपूर्ण समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इफ्तार के बाद देश की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआ भी की गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। आयोजन समिति ने सभी मेहमानों का आभार व्यक्त किया।
