आजमगढ़। जिले के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का नया द्वार खुल गया है। शिब्ली नेशनल पीजी कॉलेज में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) का अध्ययन केंद्र स्थापित किया गया है। क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी द्वारा इस केंद्र को मान्यता प्रदान की गई है।
इस इग्नू अध्ययन केंद्र का कोड 48065 निर्धारित किया गया है। यहां स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के साथ-साथ पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए पर्यटन विषय में स्नातक पाठ्यक्रम की भी मान्यता मिली है।
अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. जाहिद ने बताया कि यह केंद्र विशेष रूप से कामकाजी महिला-पुरुषों और नियमित रूप से कॉलेज नहीं जा पाने वाले विद्यार्थियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।
इस केंद्र पर कला एवं वाणिज्य में स्नातक, इतिहास, मनोविज्ञान, अप्लाइड उर्दू, ग्रामीण विकास, संस्कृत सहित कई विषयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इतिहास, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र और राजनीति विज्ञान जैसे विषय हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों माध्यमों में उपलब्ध होंगे।
डॉ. जाहिद ने बताया कि इस अध्ययन केंद्र के माध्यम से आजमगढ़ और आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को घर के पास ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे दूरस्थ शिक्षा को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के शैक्षिक विकास को गति मिलेगी।
अधिक जानकारी के लिए 9260947878 पर संपर्क किया जा सकता है।
