आजमगढ़। जिले के बिलरियागंज क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक निजी चाइल्ड सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के आदेश और मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर की गई औचक जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रतिष्ठान को तत्काल सील कर दिया गया।

जिलाधिकारी के आदेश एवं मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में अवैध व अनियमित रूप से संचालित चिकित्सकीय प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज बिलरियागंज स्थित हेरा चाइल्ड सेंटर का स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान गंभीर खामियां पाए जाने पर सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व डिप्टी सीएमओ/नोडल निजी चिकित्सालय प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द कुमार ने किया। उनके साथ पटल सहायक धीरेन्द्र शुक्ला एवं सीएचसी बिलरियागंज के चिकित्सक डॉ. निलेश भी मौजूद रहे।
निरीक्षण में पाया गया कि सेंटर में लगभग पाँच बेड पर नवजात शिशुओं का उपचार किया जा रहा था, जबकि मौके पर कोई अधिकृत या योग्य चिकित्सक उपस्थित नहीं था। इसके अलावा प्रतिष्ठान के पास वैध पंजीकरण भी नहीं मिला। जांच के दौरान अग्निशमन सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण तथा बायो-मेडिकल वेस्ट निस्तारण से जुड़े मानकों के उल्लंघन की भी पुष्टि हुई।

गौरतलब है कि हाल ही में लालगंज क्षेत्र में एक मासूम की मौत की घटना के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी ने गैर-पंजीकृत, अनधिकृत और अप्रशिक्षित चिकित्सकों द्वारा संचालित संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उसी के तहत यह कार्रवाई की गई।
फिलहाल हेरा चाइल्ड सेंटर को पूरी तरह सील कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।