रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र में रात में प्रयागराज से गोरखपुर जा रही रोडवेज बस को रोककर कुछ अज्ञात लोगों ने चालक व परिचालक के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने बस का शीशा तोड़ दिया और परिचालक से नकदी समेत जरूरी दस्तावेज भी छीन लिए। पीड़ित परिचालक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, हरदोई जनपद के बेहटा गोकुल निवासी दीपक दीक्षित पुत्र अशोक कुमार दीक्षित रोडवेज बस पर परिचालक के पद पर तैनात हैं। देर रात वे बस लेकर प्रयागराज से गोरखपुर जा रहे थे। जैसे ही बस बरदह क्षेत्र के भीरा के पास पहुंची, कुछ लोगों ने बस रुकवाकर चालक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और बस का शीशा तोड़ दिया।
इसके बाद आरोपियों ने चालक को नीचे उतारकर मारपीट की। परिचालक दीपक दीक्षित जब बीच-बचाव करने पहुंचे तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की और उनके बैग से करीब 10 हजार रुपये नकद तथा मार्ग पत्र भी छीन लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने रॉड से जानलेवा हमला भी किया, जिससे बचने के लिए परिचालक मौके से कुछ दूरी पर जाकर छिप गया।
घटना के बाद पीड़ित ने बरदह थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
