रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के रानी की सराय थाना के कोटिला के पास आज़मगढ़-वाराणसी हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोचिंग जा रही एक छात्रा के साथ दिनदहाड़े मारपीट की घटना सामने आई। हाईवे किनारे हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे छात्रा रानी की सराय से ऑटो में सवार होकर कोटिला हाईवे पहुंची थी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक ने ऑटो को रुकवाया और छात्रा को जबरन नीचे उतार लिया। ऑटो से उतरते ही युवक और छात्रा के बीच हाईवे किनारे मारपीट शुरू हो गई।
घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। मारपीट में घायल छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान शहर कोतवाली क्षेत्र के पटखौली गांव निवासी ज्ञानेंद्र पाठक के रूप में हुई है, जो सदर अस्पताल में दवा सप्लाई का कार्य करता है। पीड़िता दूसरे समुदाय से ताल्लुक रखती है और गंभीरपुर थाना क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है।
थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता पक्ष से तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
