रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। सड़क पर रील बनाने और दिखावे के लिए स्टंटबाजी करने वालों का जमाना खत्म,
आजमगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को पकड़ते ही स्टंटबाजों और अवयस्क चालकों पर शिकंजा कस दिया। वाहन सीज़, भारी चालान और कानूनी कार्रवाई की है।  जिले में जो रफ्तार और स्टंट के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालते हैं, उनके लिए अब छूट नहीं। पुलिस ने ऐसे दो बाइक पर जंहा भारी भरकम जुमाना लगाया वही दोनों बाइकों को सीज भी कर दिया।


बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक यातायात आजमगढ़ के नेतृत्व में जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और रात्रिकालीन सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कठोर कार्रवाई की गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को आधार बनाकर प्रभारी निरीक्षक यातायात ने अवयस्क चालक और स्टंटबाजी करने वाले चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की।

अवयस्क चालक, जिसने दोपहिया वाहन चलाया, के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन सीज़ कर चालान ₹7,000/- किया गया और वाहन थाना बिलरियागंज में निरुद्ध किया गया।

वहीं दुर्गेश निषाद, पुत्र राम अनुज निषाद, निवासी ग्राम अभनपट्टी नैनीजोर, थाना रौनापार, ने सार्वजनिक मार्ग पर स्टंटबाजी की, जिसके लिए उसका दोपहिया को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज़ कर चालान ₹10,000/- किया गया और वाहन थाना रौनापार में निरुद्ध किया गया।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अवयस्कों को वाहन न सौंपें और स्टंटबाजी जैसे खतरनाक कृत्यों से दूर रहें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।