आजमगढ़। जिले में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है, गुटबाजी ही नहीं बल्कि दिल भी नहीं मिल रहे है। यही कारण है कि सोमवार को जिले के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर के कार्यक्रम में भाजपा के दो गुटों के बीच आपसी झड़प की घटना सामने आई। यह घटना उस समय हुई जब मंत्री अनिल राजभर नेहरू हॉल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। गाड़ी आगे-पीछे करने और मंच पर बैठने को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए और मारपीट हुई।


जानकारी के अनुसार,जीएसटी पर चर्चा के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री के स्वागत हेतु भाजपा कार्यकर्ता अमौड़ा टोल प्लाजा पर पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। जब मंत्री का काफिला आगे बढ़ा, तो गाड़ियों के साइड और ओवरटेक को लेकर निखिल राय और अमन श्रीवास्तव में विवाद हो गया। यह विवाद नेहरू हाल तक चला और मंच पर दोनों फिर भिड़ गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा लालगंज के पूर्व जिला अध्यक्ष सूरत प्रकाश श्रीवास्तव अपने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे। उनका कहना था कि किसी भी प्रकार की हिंसा नहीं होने दी जाएगी और सभी पक्षों को शांतिपूर्ण ढंग से समझाया जाएगा।

एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने कहा कि  दो गुट में धक्का-मुक्की हुई। दोनों पक्षों को हिरासत में लिया गया तो उनके समर्थक कोतवाली में भीड़ गए। इस संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना से पार्टी में गुटबाजी की तस्वीर एक बार फिर सतह पर उजागर हुई है और आगामी समय में इससे राजनीतिक हलचल की संभावना जताई जा रही है। अभी दो दिन पहले ही हरैया ब्लाक प्रमुख के अविश्वास प्रस्ताव में भी गुटबाजी चरम पर देखने को मिली थी।