आजमगढ़। सीएम डैशबोर्ड के आधार पर जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों में तेजी लाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सख्त निर्देश दिए।
मिली जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में फरवरी माह की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की स्थिति का गहन मूल्यांकन किया गया और लंबित मामलों को जल्द निपटाने पर जोर दिया गया।
पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा के दौरान जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी ने बताया कि बैंक स्तर पर 884 आवेदन अभी लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने बिलरियागंज, मुबारकपुर और मार्टिनगंज के अधिशासी अधिकारियों से नगर क्षेत्रों में वितरित फॉर्मों की स्थिति जानी। साथ ही यह भी बताया गया कि आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए प्रत्येक नगर क्षेत्र में दो-दो वेंडर तैनात किए गए हैं।
विद्युत विभाग की समीक्षा में खंड-4 और खंड-5 के अधिशासी अभियंता अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने उन्हें अगले दिन तलब किया। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग को पीएम पोषण योजना में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
समाज कल्याण विभाग के तहत अनुसूचित जाति एवं जनजाति दशमोत्तर छात्रवृत्ति और मुख्यमंत्री शादी अनुदान योजना की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और शीघ्र सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन छात्रों के आवेदन की अंतिम तिथि शेष है, उनका विद्यालयवार विवरण तैयार कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जीरो पॉवर्टी अभियान की समीक्षा में पीएम जन आरोग्य योजना की रिपोर्ट में अंतर पाए जाने पर मुख्य चिकित्साधिकारी और जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को समन्वय स्थापित कर रिपोर्ट दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। वहीं आईडी और पासवर्ड जनरेट न होने से सत्यापन कार्य प्रभावित होने पर संबंधित अधिशासी अभियंता को नोटिस जारी करने को कहा गया।
श्रम विभाग की समीक्षा में 67,239 आवेदन लंबित पाए गए और एक माह में प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने जिला विकास अधिकारी को सहायक श्रमायुक्त के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गम्भीर सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, डीसी मनरेगा राम उदरेज यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए सच्चिदानंद प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी और खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।
