रिपोर्ट: एसपी त्रिपाठी

आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  हेमराज मीना ने बीती  रात पुलिस लाइन में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। इस बैठक में जिले में हो रही आपराधिक घटनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई और पुलिस अधिकारियों को कई  दिशा-निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रभावित इलाकों में पिकेट गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने इन घटनाओं का जल्द से जल्द खुलासा करने और बरामदगी सुनिश्चित करने को कहा। गंभीर अपराध होने पर 24 घंटे के भीतर राजपत्रित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण करना अनिवार्य किया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि दो समुदायों के बीच कोई भी छोटी घटना हो, उसका समय रहते कानूनी समाधान कराया जाए। थाना परिसरों में साफ-सफाई और वहां खड़े पुराने वाहनों का निस्तारण जल्द किया जाए। कोर्ट से समन्वय बनाकर मुकदमों से संबंधित वस्तुओं का निपटारा हो। IGRS पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का भी समय से समाधान किया जाए।

फरियादियों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ निपटाने, महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेकर शीघ्र कार्रवाई करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की बात कही गई। लंबित विवेचनाओं को निपटाने के लिए क्षेत्राधिकारी स्तर पर नियमित रूप से अर्दली रूम आयोजित करने का निर्देश दिया गया।

माफियाओं और गैंगस्टर अपराधियों की अवैध संपत्तियों को जब्त करने, टॉप-10 अपराधियों पर सख्त निगरानी और साइबर ठगों से निपटने के लिए GRP व RPF के साथ समन्वय स्थापित करने की बात भी कही गई। संवेदनशील इलाकों में समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

इस बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मुधवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन समेत सभी क्षेत्राधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे।