रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत दरियापुर बसही गांव में गुरुवार की रात चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात, नकदी व कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। परिजनों को चोरी की घटना की जानकारी शुक्रवार की सुबह हुई, जब उन्होंने घर के ताले टूटे हुए देखे। इससे गांव में सनसनी फैल गई।
पहली घटना गांव निवासी अनिल गिरी के घर की है। चोर छत के रास्ते घर में घुसे और कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नगदी व अन्य कीमती सामान समेट ले गए। दूसरी वारदात लालमनि गिरी के घर पर हुई, जहां चोरों ने उसी तरीके से घुसकर ताले तोड़े और घर का कीमती सामान चुरा लिया।
दोनों घरों में हुई चोरी से परिवार के लोग सकते में हैं। शुक्रवार सुबह जब परिजन नींद से जागे तो घर के ताले टूटे देख सन्न रह गए। आनन-फानन में डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बरदह पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है।
