आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के रहने वाले एक पति ने  हरियाणा के पानीपत में अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी शव को बोरी में भरकर नहर में फेंकने ले जा रहा था, लेकिन लोगों की आवाजाही देखकर मौके से भाग गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने घटना का खुलासा किया और जांच शुरू कर दी है।

अहरौला थाना क्षेत्र के रूपाईपुर गांव निवासी राजीव यादव ने पानीपत में अपनी पत्नी प्रियंका यादव (34) की कमरे में ही गोली मारकर हत्या कर दी। घटना 24 नवंबर की है, जब राजीव ने पत्नी को दो गोलियां मारीं और फिर ईंट से सिर कुचल दिया।

बताया जा रहा है कि राजीव शव को बोरी में भरकर नहर में फेंकने जा रहा था, तभी कुछ लोगों के आने से घबरा गया और शव वहीं छोड़कर फरार हो गया।

पानीपत पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी का कमरे तक पहुंचना और घटना का सिलसिला सामने आया। इसके बाद मृतका के मायके वालों को सूचना दी गई।

राजीव की शादी लगभग 13 वर्ष पूर्व जौनपुर जनपद के सराय ख्वाजा क्षेत्र के उत्तरपट्टी गांव निवासी प्रियंका से हुई थी। प्रियंका पिछले छह महीने से पति के साथ पानीपत में रह रही थी।

बताया जा रहा है कि राजीव के किसी अन्य युवती से संबंध थे, जिसके चलते दंपती के बीच विवाद चल रहा था। प्रियंका के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें से बेटा घटना के समय गांव में अपने दादा-दादी के साथ था।

कानूनी प्रक्रिया के बाद शुक्रवार को शव को ससुराल रूपाईपुर लाया गया और अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। अहरौला थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने कहा कि जरूरत पड़ने पर पानीपत पुलिस को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।