आजमगढ़। जिले कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मनियारपुर गांव में  आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दबंगों ने एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को पीटा और बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बहू पर हमला कर दिया। इस दौरान महिला का अंगूठा दांत से काटकर अलग कर दिए जाने की सनसनीखेज वारदात हुई। पुलिस ने मामले में नामजद अभियुक्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।

मंगलवार  को वादी मुकदमा धीरेन्द्र दत्त मिश्र पुत्र हृषिकेश मिश्र, निवासी मनियारपुर थाना कप्तानगंज, आजमगढ़ ने थाना स्थानीय पर प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनके दरवाजे पर चढ़कर वीरेंद्र कुमार मिश्र पुत्र माधव श्याम मिश्र, पूर्णेन्द्रू मिश्र पुत्र वीरेंद्र कुमार मिश्र तथा नम्रता पुत्री वीरेंद्र कुमार मिश्र ने वादी की 80 वर्षीय माता निर्मला के साथ मारपीट की।

बीच-बचाव करने पहुंची वादी की पत्नी रंजना मिश्रा को घसीटकर पीटा गया। आरोप है कि नम्रता ने रंजना मिश्रा के दाहिने हाथ के अंगूठे को दांत से काटकर अलग कर दिया तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई।। इस संबंध में थाना कप्तानगंज पर  अभियोग पंजीकृत किया गया।

विवेचना के क्रम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार ने हमराहियों के साथ अभियुक्ता नम्रता पत्नी नितिन जोशी पुत्री वीरेंद्र कुमार मिश्र, निवासी LIG-177 राप्तीनगर आरोग्य मंदिर, गोरखपुर हाल पता मनियारपुर थाना कप्तानगंज  को उसके घर से  गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्ता का चालान माननीय न्यायालय किया गया।