आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना के बस्ती भुजबल गांव में सोमवार रात एक पालतू कुत्ते को गोली मारने की सनसनीखेज घटना सामने आई। घायल कुत्ते का इलाज जिला पशु अस्पताल में जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बस्ती भुजबल गांव निवासी हृदय नारायण शुक्ला ने अहरौला थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि सोमवार की रात उनके 17 वर्षीय पुत्र ऋषू शुक्ला अपने पालतू कुत्ते को भोजन कराने के बाद घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान गांव के ही दीपक चौबे और विवेक चौबे एक अन्य कुत्ते के साथ उनके घर पहुंचे।
जब हृदय नारायण शुक्ला का कुत्ता दूसरे कुत्ते को देखकर भौंकने लगा, तो दीपक और विवेक ने ऋषू को गालियाँ दी। विरोध करने पर दोनों ने पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। कुत्ता अपने मालिक की रक्षा में आगे आया और गोली का शिकार हुआ। एक गोली उसके कान के नीचे लगी जबकि दूसरी सीने में फंसी।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। रात में ही घायल कुत्ते को लेकर राजकीय पशु चिकित्सालय अहरौला पहुंचा गया, लेकिन कोई चिकित्सक उपलब्ध नहीं था। इसके बाद मंगलवार सुबह पुलिस की अभिरक्षा में उसे जिला पशु अस्पताल आजमगढ़ ले जाया गया, जहां ऑपरेशन के जरिए गोली निकालने का प्रयास किया जा रहाहै।
थानाध्यक्ष अहरौला अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि हृदय नारायण शुक्ला की तहरीर पर दीपक चौबे और विवेक चौबे के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है
