आज़मगढ़ । जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में एक विवाहिता और कक्षा छह की छात्रा ने घर के भीतर फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मोलनाथपुर गांव निवासी 30 वर्षीय अंजू पत्नी विकास मंगलवार की रात अपने दो बेटों और एक बेटी के साथ कमरे में सोने गई थी। भोर में लगभग पाँच बजे बड़ी बेटी अनुष्का की नींद खुली तो उसने देखा कि मां अंजू का शव छत के चुल्ले से दुपट्टे के सहारे लटक रहा है। बच्ची के रोने-चिल्लाने पर परिवार वाले पहुंचे और अंजू को नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि अंजू किसी से मोबाइल पर बात करती थी, जिसकी शिकायत पति विकास ने अंजू की मां से कर दी थी। इसी बात को लेकर मां और अंजू के बीच फोन पर रात में फटकार हुई, जिसके बाद पति-पत्नी में विवाद भी हुआ था। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इसी क्रम में तहबरपुर थाना क्षेत्र के नसीरुद्दीनपुर गांव में 12 वर्षीय मुस्कान पुत्री रविप्रकाश, कक्षा छह की छात्रा, ने भी मंगलवार देर रात फांसी लगाकर जान दे दी। बताया गया कि उसकी मां रिश्तेदारी में गई थी। रात में मुस्कान ने पिता को खाना परोसा और स्वयं अंदर कमरे में चली गई। खाना खाने के बाद जब पिता ने उसे पुकारा, तो कमरे के अंदर से कोई आवाज नहीं आई। जब वे कमरे में पहुंचे तो मुस्कान दुपट्टे के सहारे लटकी मिली। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुस्कान तीन भाइयों के बीच इकलौती बहन थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
