(सांकेतिक फोटो)
आजमगढ़। जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के लाटघाट इलाके में नाबालिग लड़की की शादी कराए जाने का मामला सामने आया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शादी कराने में सहयोग करने वालों पर भी कार्रवाई की बात कही है।
मिली जानकारी के अनुसार रौनापार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसकी नाबालिग पुत्री की शादी 7 मार्च को गांव के ही एक युवक से करा दी गई। आरोप है कि यह शादी गांव में स्थित एक साधु की कुटी पर कुछ ग्रामीणों की मौजूदगी में कराई गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय लड़की का पिता मुंबई में था। जब वह घर लौटा तो उसे इस घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उसने रौनापार थाने में पहुंचकर पूरे मामले की तहरीर दी।
पिता का आरोप है कि उसकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया और फिर उसकी शादी करा दी गई।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रौनापार मंतोष सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
