आज़मगढ़। जिले में मौसम का मिजाज लगातार खतरनाक होता जा रहा है। घने बादलों, तेज पछुआ हवाओं और शीतलहर ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। बीते 48 घंटे से सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए हैं, जबकि सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन सोमवार को दर्ज किया गया। हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, वहीं प्रशासन ने कक्षा एक से इंटर तक के स्कूलों में एक जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया है।
सोमवार को जिले में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान एक डिग्री की गिरावट के साथ 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पहाड़ों से आ रही तेज पछुआ हवाएं शरीर में तीर की तरह चुभती महसूस हुईं, जिससे गलन और ठिठरन और बढ़ गई।
लगातार दूसरे दिन भी सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। आसमान में घने बादल छाए रहे और दिनभर ठंडक बनी रही। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पछुआ हवा के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है, साथ ही हल्की बारिश की भी संभावना जताई जा रही है। मंगलवार को शीत दिवस की स्थिति बन सकती है, जिससे ठंड का असर और तेज होगा।
तेज ठंड और गलन के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। सुबह और शाम के समय ठंड का प्रकोप ज्यादा महसूस किया जा रहा है। बाइक से चलने वाले लोगों को कंपकंपी छूट रही है। हालात ऐसे हैं कि लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
जिले के विभिन्न बाजारों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। दुकानों पर इक्का-दुक्का ग्राहक ही नजर आए। शाम सात बजे के बाद ठंड का असर और बढ़ गया, जिसके बाद बाजारों में पूरी तरह सन्नाटा छा गया। वहीं ठंड बढ़ने के साथ ही शहर में हीटर, गीजर और कोयले की मांग में तेजी देखी जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक जिले में कड़ाके की ठंड बनी रहेगी। आईएमडी के अनुमान के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम 9 डिग्री, बुधवार को गिरावट के साथ 15 और 8 डिग्री तथा बृहस्पतिवार को अधिकतम 15 और न्यूनतम 9 डिग्री रहने की संभावना है। नए साल की शुरुआत भी आज़मगढ़ में कड़कड़ाती ठंड के बीच होने के आसार हैं।
