रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़ । जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में ₹25,000 के इनामी फरार आरोपी शिवाजी उर्फ दिलगोस के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। बाजा के साथ गांव में मुनादी कराकर लोगों को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने धारा 84 BNSS के तहत आरोपी के घर नोटिस चस्पा किया।

थाना दीदारगंज पर पंजीकृत मुकदमे  से जुड़े प्रकरण में नामजद अभियुक्त शिवाजी उर्फ दिलगोस पुत्र संतोष सिंह, निवासी ग्राम इरनागोकुलपुर, थाना दीदारगंज, जनपद आज़मगढ़ लंबे समय से फरार चल रहा है। आरोपी पर ₹25,000 का इनाम घोषित है।

इस मुकदमे की विवेचना पूर्व में चौकी प्रभारी मार्टिनगंज द्वारा की जा रही थी। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आज़मगढ़ के आदेशानुसार इसे थाना दीदारगंज से हटाकर थाना फूलपुर स्थानांतरित किया गया, जहाँ वर्तमान में विवेचना उप निरीक्षक अनुराग कुमार पाण्डेय द्वारा की जा रही है।

मामले में अन्य नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका है, जबकि शिवाजी उर्फ दिलगोस न्यायालय द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट   तथा धारा 84 BNSS की कार्रवाई 12.11.2025 के बावजूद पेश नहीं हुआ।

शनिवार को थाना फूलपुर पुलिस द्वारा बाजा के साथ गांव में मुनादी कराई गई, जिसमें ग्रामीणों को आरोपी की फरारी और न्यायालय के आदेशों की जानकारी दी गई। मुनादी के बाद उप निरीक्षक अनुराग कुमार पाण्डेय मय पुलिस टीम ने नियमानुसार धारा 84 BNSS के अंतर्गत आरोपी के घर नोटिस चस्पा कर तामीली की प्रक्रिया पूरी की।