
आज़मगढ़ । जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर फंदे से लटकते शव मिलने से सनसनी फैल गई। पहली घटना अतरौलिया थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव की है, जहां ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटकता मिला। दूसरी घटना रानी की सराय थाना क्षेत्र के शाहखजुरा बेलाडीह गांव की है, जहां एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों घटनाओं से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में रहने वाली 16 वर्षीय अंजलि पुत्री जोगिंद्र मूल रूप से अंबेडकर नगर जिले के कटका थाना क्षेत्र के रतना गांव की निवासी थी। वह अपने ननिहाल में रहकर कक्षा 12 की पढ़ाई कर रही थी। सोमवार सुबह करीब 9 बजे उसका ममेरा भाई सूर्यांश कमरे में गया तो देखा कि अंजलि टिन शेड के पाइप से दुपट्टे के सहारे लटक रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा के मुताबिक प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है।
वहीं दूसरी घटना रानी की सराय थाना क्षेत्र के शाहखजुरा बेलाडीह गांव की है। यहां 33 वर्षीय राजू पुत्र स्व. पन्नालाल का शव सोमवार की सुबह कमरे में फंदे से लटका मिला। राजू परिवार का भरण-पोषण करने के लिए बाहर रहता था लेकिन एक माह पूर्व अपने पिता की मृत्यु पर गांव लौटा था। परिजनों के मुताबिक वह सुबह घर के चुल्ले के पास साड़ी के फंदे से लटकता मिला। राजू चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। इस घटना से उसकी पत्नी संजू का रो-रोकर बुरा हाल है।दोनों घटनाओं की पुलिस जांच कर रही है।
