आजमगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 के तहत प्रदेश के 2 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे 2 हजार करोड़ रुपये की अनुदान राशि ट्रांसफर की गई। इस योजना के अंतर्गत जनपद आजमगढ़ के 2304 पात्र लाभार्थियों को भी आवास की पहली किश्त की राशि प्रदान की गई।

मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 के तहत प्रदेश भर के 2 लाख लाभार्थियों के खातों में 2,000 करोड़ रुपये की अनुदान राशि का अंतरण किया गया।
इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आजमगढ़ के हरिऔध कला केंद्र में किया गया, जिसमें विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक और रामसूरत राजभर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय बहादुर पाठक ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित हैं। प्रधानमंत्री की मंशा है कि देश का कोई भी नागरिक झोपड़ी में न रहे। इसी सोच के तहत जनपद आजमगढ़ में अब तक लगभग 16 हजार लोगों को आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं।


उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी जाति या मजहब के भेदभाव के, केवल गरीबी को आधार मानकर दिया जा रहा है। आज के कार्यक्रम में जनपद के 2304 पात्र लाभार्थियों के खातों में आवास की पहली किश्त की राशि भेजी गई है।
उन्होंने लोगों से आत्मनिर्भर बनने की अपील करते हुए कहा कि परिवार की आर्थिक मजबूती के लिए स्वयं भी प्रयास जरूरी है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं सहायता समूहों के लिए शुरू की गई योजनाओं का उल्लेख करते हुए लोगों से समूहों से जुड़ने का आह्वान किया, ताकि प्रत्येक परिवार आर्थिक रूप से सशक्त बन सके।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि प्रदेश भर में 2 लाख लोगों को सीधे उनके खातों में आवास की धनराशि भेजी जा रही है, जो प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सभी के लिए घर के संकल्प को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम है। लाभार्थियों को यह राशि बिना किसी सिफारिश के सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है।


इस अवसर पर विजय बहादुर पाठक और रामसूरत राजभर द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी के तहत लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, उप जिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।