रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। पुलिस की सतर्कता और मुखबिर की सटीक सूचना पर रौनापार थाना पुलिस ने ₹10,000 के इनामी अभियुक्त अखिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि अभियुक्त ने 88 लोगों से विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की थी। लंबे समय से फरार चल रहे इस आरोपी की तलाश में पुलिस को सफलता मिली है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जमुवा हरिराम, थाना मुबारकपुर निवासी अखिलेश कुमार पुत्र मोतीलाल ने वादी मनोज कुमार समेत 88 लोगों से फर्जी वीजा उपलब्ध कराने के नाम पर धन की ठगी की थी। इस मामले में 24 दिसंबर 2021 को थाना रौनापार पर मुकदमा अपराध संख्या 236/2021 धारा 419, 420, 467, 468, 471 भादंवि दर्ज किया गया था। जांच के दौरान अभियुक्त फरार हो गया, जिस पर अदालत ने गिरफ्तारी वारंट और कुर्की की कार्रवाई भी की। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने उस पर ₹10,000 का इनाम घोषित किया था।सोमवार की तड़के लाटघाट-गोरखपुर मार्ग पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अखिलेश कुमार को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र लगभग 27 वर्ष बताई जा रही है।