आजमगढ़। नगर में पुरानी जेल के पास स्थित कांशीराम आवास की महिलाएं दो दिनों से बिजली कटने के विरोध में बुधवार को सड़क पर उतर आईं और नगर पालिका-चौक मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे बाद पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
मिली जानकारी के अनुसार, कांशीराम आवास की महिलाएं चंपा, किरन, भागीरथी, इंद्रावती, केसरी, मुन्नी और मालती ने बताया कि बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर ओवरलोड का हवाला देते हुए दो दिन पहले आधी कालोनी की बिजली काट दी। शिकायत के बाद भी तार नहीं जोड़ा गया। महिलाओं का कहना है कि आवास मिलने के समय बिजली और पानी मुफ्त देने का वादा किया गया था। अब विभाग अधिकारी कालोनी में आकर कुछ लोगों पर पांच से आठ लाख रुपये का बकाया बिजली बिल बता रहे हैं।
बिजली न रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वार्ड सभासद सत्येंद्र कुमार ने कहा कि विभाग अधिकारी सीधे आकर समस्या का समाधान करें। शहर कोतवाल ने बताया कि पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया।
एसडीओ नगर मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि कालोनी के लोग बिजली का उपयोग तो कर रहे हैं, लेकिन बकाया बिल जमा नहीं कर रहे। ओटीएस के तहत कई बार कैंप लगाया गया और पंजीकरण कर लाभ लेने को कहा गया, लेकिन केवल कुछ ही लोग पंजीकरण कराए। बकाया बिल जमा करना लोगों की जिम्मेदारी है।
