आजमगढ़। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो घटनाओं से सनसनी फैल गई। एक ओर देवगांव कोतवाली क्षेत्र में विवाहिता का शव घर के भीतर फंदे से लटकता मिला, वहीं अहरौला थाना क्षेत्र में नहर में गिरने से साइकिल सवार की मौत हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, देवगांव कोतवाली क्षेत्र के ताहिरपुर गांव में सोमवार को विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। मृतका की पहचान जौनपुर जनपद के चंदवक थाना क्षेत्र के रेहरी गांव निवासी राजेंद्र कन्नौजिया की 30 वर्षीय बेटी सुमन के रूप में हुई है। सुमन की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व ताहिरपुर गांव निवासी फिरतू कन्नौजिया से हुई थी।
बताया गया कि सुमन के पति और देवर रोजी-रोटी के सिलसिले में जनपद से बाहर रहते हैं। सुमन पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थी और सोमवार को घर में अकेली थी। सुबह करीब 10 बजे पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई तो गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची देवगांव पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के दो बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद से मायके और ससुराल पक्ष में कोहराम मचा हुआ है।
अहरौला: नहर में गिरने से साइकिल सवार की मौत
वहीं अहरौला थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में मंगलवार की रात करीब आठ बजे नहर में गिरने से साइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय चंद्रशेखर उर्फ बुना गिरि के रूप में हुई है। चंद्रशेखर घर से बाजार गए थे और रात में साइकिल से लौटते समय गांव के पास अनियंत्रित होकर नहर में गिर गए। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें नहर से निकालकर अहरौला सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चंद्रशेखर तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
