आजमगढ़। सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणियां होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। भाजपा नेताओं ने इसे मानहानि और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बताया है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों ने सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार को एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा है। इसमें सोशल मीडिया पर सक्रिय कुछ फर्जी आईडी और व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
भाजपा पदाधिकारियों का आरोप है कि बीते कई महीनों से फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी आईडी बनाकर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा पर लगातार अभद्र और अपमानजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। इन टिप्पणियों के चलते न केवल मंत्री की छवि धूमिल हो रही है, बल्कि समाज में भ्रम और तनाव की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है।
प्रार्थना पत्र में विशेष रूप से उन आईडी के नाम उल्लेखित किए गए हैं, जिनके खिलाफ आईटी एक्ट और अन्य सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान रजनीश राय (उपसभापति, चीनी मिल घोसी), अजय सिंह (जिला उपाध्यक्ष, भाजपा आजमगढ़), दीपक राय, विवेक सिंह, अश्वनी मिश्रा, विनीत सिंह रिशु, लाल विजय सिंह, नवीन राय, निक्की राय सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
