आजमगढ़। सरकारी योजनाओं की जानकारी और सेवाओं को आम नागरिकों तक आसान, तेज और डिजिटल तरीके से पहुँचाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में अत्याधुनिक कियोस्क मशीन की स्थापना की गई है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के विशेष प्रयास से शुरू हुई यह पहल अब नागरिकों के लिए एक ही स्थान पर योजनाओं की जानकारी, आवेदन और सहभागिता का भरोसेमंद केंद्र बनती जा रही है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की पहल पर कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष के सामने कियोस्क मशीन स्थापित की गई है, जो नागरिकों के लिए एक समग्र डिजिटल समाधान के रूप में कार्य कर रही है। इस कियोस्क के माध्यम से नागरिक राज्य व केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, पात्रता और लाभ जान सकते हैं तथा आवेदन प्रक्रिया को भी आसानी से समझ सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि कियोस्क मशीन के जरिए अब तक कुल 204 लोगों ने माननीय मुख्यमंत्री जी के साथ सेल्फी ली है और साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्राप्त की है। कियोस्क में उपलब्ध क्यूआर कोड के माध्यम से उपयोगकर्ता सीधे योजनाओं के आवेदन लिंक, सहायता सेवाओं और संबंधित जानकारी तक तुरंत पहुँच बना सकते हैं, जिससे प्रक्रिया और अधिक तेज हो जाती है।
उन्होंने बताया कि कियोस्क में एक संवेदनात्मक चैटबॉट भी मौजूद है, जो नागरिकों के सामान्य सवालों का जवाब देता है, योजनाओं को समझने में मदद करता है और उपयोगकर्ता की आवश्यकता के अनुसार उपयुक्त योजनाओं का सुझाव देता है। यह कियोस्क कई भारतीय भाषाओं का समर्थन करता है, जिससे विभिन्न भाषाई पृष्ठभूमि के नागरिक भी इसका सहजता से उपयोग कर पा रहे हैं।
जिलाधिकारी के अनुसार, उपयोगकर्ता द्वारा दर्ज की गई जानकारी के आधार पर कियोस्क उपयुक्त सरकारी योजनाओं का सुझाव देता है, जिससे खासकर उद्यमियों और युवाओं को नए अवसर पहचानने में मदद मिलती है। इसके साथ ही नागरिक कार्यशालाओं की तिथि, स्थान और कार्यसूची देख सकते हैं तथा सीधे कियोस्क से स्वयं-पंजीकरण भी कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कियोस्क मशीन के माध्यम से कस्टमाइज्ड मुख्यमंत्री फ्रेम का उपयोग कर माननीय मुख्यमंत्री जी के साथ सेल्फी लेने की सुविधा भी दी गई है, जिससे यह न केवल सूचना का माध्यम बना है बल्कि नागरिक सहभागिता और जागरूकता बढ़ाने का एक आकर्षक प्लेटफॉर्म भी बन गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि कियोस्क मशीन से सरकारी योजनाओं की सत्यापित जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही है, जिससे कार्यालयों या एजेंटों पर निर्भरता कम हो रही है। साथ ही डिजिटल सुविधाओं से पारदर्शिता बढ़ रही है, मैनुअल कार्यभार घट रहा है और सेवा वितरण की गुणवत्ता में सुधार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि यह कियोस्क वर्चुबॉक्स कंपनी द्वारा विकसित किया गया है, जो सरकारी सेवाओं और नागरिक सहायता कार्यक्रमों तक पहुँच को बेहतर बनाने के लिए स्मार्ट स्वयं-सेवा समाधान प्रदान करती है। कंपनी को डिजिटल परिवर्तन के क्षेत्र में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है और वह देशभर में 6000 से अधिक डिजिटल स्क्रीन स्थापित कर चुकी है।
