आजमगढ़। यातायात माह नवम्बर के तहत आजमगढ़ जनपद में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक नई पहल की गई है। जिले में पहली बार अग्रसेन चौक पर जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण कराया गया है, जिससे पैदल यात्रियों को सड़क पार करने में सुविधा और सुरक्षा दोनों मिल सके। मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्य वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के कुशल निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक त्रिपाठी तथा क्षेत्राधिकारी नगर/यातायात शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में सम्पन्न हुआ। यातायात माह के अवसर पर जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि जनपद के सभी प्रमुख चौराहों, तिराहों एवं कट पॉइंट्स पर पुलिस, लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका एवं यातायात पुलिस के समन्वय से जेब्रा लाइन और जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण कराया जाएगा। यह कदम न केवल सुरक्षित यातायात की दिशा में एक बड़ा बदलाव है, बल्कि नागरिकों में सुरक्षित चलें, नियमों का पालन करें की भावना को भी प्रोत्साहित करेगा

बदल रहा है आजमगढ़, बदल रहा है जमाना,  इस ट्रैफिक माह में राहगीर का है सुरक्षित जाना।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार, आने वाले दिनों में जनपद के सभी प्रमुख मार्गों पर जेब्रा लाइन, संकेतक बोर्ड एवं डिवाइडर लाइनिंग का कार्य कराया जाएगा ताकि नागरिकों को एक अनुशासित एवं सुरक्षित यातायात वातावरण मिल सके। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा जनपद को सेफ ट्रैफिक मॉडल डिस्ट्रिक्ट के रूप में विकसित करना है।