आजमगढ़ । जिले में वीर बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के भीतर साहस, बलिदान और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री का लाइव प्रसारण दिखाया गया, वहीं छात्रों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को प्रभावित किया।

जिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह के नेतृत्व में विकास खण्ड हरैया स्थित ए.आर.एस. पब्लिक स्कूल में वीर बाल दिवस के शुभ अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी के लाइव प्रसारण को विद्यार्थियों को दिखाया गया। विद्यालय के बालक एवं बालिकाओं ने वीर बाल दिवस की थीम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जो उपस्थित अन्य बच्चों के लिए प्रेरणादायक रहे।


कार्यक्रम के दौरान बाल कल्याण समिति से  अखिलेश सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए बताया कि गुरु गोविंद सिंह जी के साहबजादे बाबा जोरावर सिंह एवं छोटे सुपुत्र फतेह सिंह के अद्भुत बलिदान की स्मृति में वीर बाल दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इन वीर बालकों का साहस, त्याग और देशभक्ति बच्चों के जीवन में प्रेरणा का स्रोत है।


कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को ममेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री रजनीश श्रीवास्तव, चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री संजय शाही तथा हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वुमेन से श्रीमती प्रीति उपाध्याय ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका और 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है, जो बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के तहत दंडनीय अपराध है। इसमें दो वर्ष की कैद एवं एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह बच्चों को उनके मौलिक अधिकारों, शिक्षा और स्वास्थ्य से वंचित करता है, इसलिए इसे रोकने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना चाहिए।


इसी क्रम में जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती अन्नू सिंह ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों 1090, 181, 112, 108 तथा शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।


कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक उधम सिंह, प्रधानाचार्य प्रेम शंकर सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।