आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि जिन वाहनों की फिटनेस फेल हो चुकी है और जिनका पंजीयन निलंबित है, यदि वे वाहन संचालन करते पाए जाते हैं तो उनका पंजीयन स्थायी रूप से समाप्त कर दिया जाएगा।

साथ ही उन्होंने चालकों एवं परिचालकों का चरित्र सत्यापन कराए जाने के निर्देश भी दिए, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराना भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार, बेसिक शिक्षाधिकारी राजीव पाठक, अधिशासी अधिकारी विवेक त्रिपाठी, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव, यातायात निरीक्षक और विभिन्न निजी विद्यालयों के प्रबंधक उपस्थित रहे।
