आजमगढ़। जिला अस्पताल में उपकरणों की खरीदारी में कथित अनियमितताओं को लेकर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी के आदेश पर सीडीओ की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच टीम अचानक अस्पताल पहुंच गई। करीब दो घंटे तक चली जांच में टीम ने क्रय-विक्रय से जुड़े अभिलेखों और व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की।
मिली जानकारी के अनुसार, जांच टीम में जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं डीएसटीओ रामदरश यादव, वित्तीय परामर्शदाता रिजवान अहमद और अस्पताल अधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा शामिल रहे। टीम ने अस्पताल में उपकरणों की खरीद से संबंधित रजिस्टर समेत कई बिंदुओं की जांच की। घंटों चली जांच से संकेत मिल रहे हैं कि बड़े पैमाने पर उपकरणों की खरीद में गोलमाल हुआ है।
जांच टीम के सदस्य डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने बताया कि बाबू मनीष कुमार के अवकाश पर होने के कारण जांच प्रक्रिया फिलहाल पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताते चलें कि इससे पहले 17 नवंबर 2025 को तत्कालीन सीडीओ परीक्षित खटाना ने मंडलीय जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था। उस दौरान करीब एक घंटे तक क्रय-विक्रय रजिस्टर की गहन जांच की गई थी, जिसमें उपकरणों की खरीदारी में भारी अनियमितता सामने आई थी। इसके बाद सीडीओ रजिस्टर अपने साथ ले गए थे।
जिला अस्पताल की खरीद-फरोख्त से जुड़ी जांच रिपोर्ट सीडीओ द्वारा 28 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी को सौंप दी गई थी। अब ताजा जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
