रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के शंकरपुर चेकपोस्ट के पास  वाराणसी से आ रही जनरथ बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस के परिचालक सहित दो लोग घायल हो गए।
शनिवार की सुबह करीब चार बजे हुई टक्कर के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। जोरदार आवाज सुनकर बस में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गाजीपुर निवासी 35 वर्षीय परिचालक सर्वजीत पाल और एक अन्य यात्री को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा। रोडवेज चालक ने दूसरी बस बुलाकर यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन बड़ा हादसा टल गया। घायलों का उपचार चल रहा है।