आज़मगढ़। सतगुरु नानक प्रगटिया, मिटी धुंध जग चानन होआ।। जनपद में गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाशोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ जनपद के विभिन्न गुरुद्वारों में मनाया गया।
नगर के श्री सुंदर गुरुद्वारा मातबरगंज में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में 2 से 4 नवंबर तक प्रभातफेरी निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु संगतों ने शब्द-कीर्तन करते हुए नगर भ्रमण किया। बुधवार को सहज पाठ साहिब जी की समाप्ति के उपरांत शब्द कीर्तन, अरदास, कड़ाह प्रसाद वितरण और गुरु का अटूट लंगर हुआ। सभी धर्मों के लोगों ने मिलकर गुरु घर की खुशियां साझा कीं।
वहीं निजामाबाद कस्बा स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा चरण पादुका साहिब में भी शुक्रवार को गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। गुरुद्वारा को झालरों से सजाया गया था। बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचे। ग्रंथी बाबा जगदीश सिंह ने बताया कि इस अवसर पर सुखमनी साहिब जी का पाठ, चौपाई साहिब जी का पाठ और शबद कीर्तन हुआ। अंत में कड़ाह प्रसाद और लड्डू का वितरण किया गया।
