आज़मगढ़। खेलो इंडिया अस्मिता लीग योजना के तहत भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा आयोजित जूनियर बालिका अस्मिता जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। प्रतियोगिता में लगभग 90 बालिकाओं ने हिस्सा लिया।
सुखदेव पहलवान स्पोर्ट स्टेडियम, आज़मगढ़ में आयोजित अस्मिता एथलेटिक्स लीग के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार उपस्थित रहे। संघ के सचिव एस.के. सत्यन द्वारा मुख्य अतिथि का बुके व माला पहनाकर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. अनिल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि खेल मानसिक और शारीरिक विकास का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने हाल ही में भारतीय महिला कबड्डी टीम और महिला क्रिकेट टीम द्वारा वर्ल्ड कप जीतकर देश का नाम रोशन करने का उदाहरण देते हुए खिलाड़ियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, हार के बाद सीखने को मिलता है जो अगली प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा देता है।
संघ के सचिव एस.के. सत्यन ने कहा कि अस्मिता एथलेटिक्स लीग सिर्फ प्रतियोगिता ही नहीं, बल्कि उन बालिकाओं के लिए बड़ा प्लेटफार्म है जो खेल में अपना भविष्य बनाना चाहती हैं।
अंडर-14 बालिका वर्ग में अर्चिता यादव, दिव्यांशी विश्वकर्मा, रिया वर्मा, प्रियंवदा, जानवी कसेरा और शालू सोनकर ने पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
वहीं अंडर-16 बालिका वर्ग में प्रीति, स्नेहा, अंशिका सिंह, अरुणिता और श्रेया यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए।
कार्यक्रम में अनिल कुमार तिवारी, मुजम्मिल खान, विनोद सिंह, सोनू, मिथिलेश यादव, मोहम्मद इरफान, अल्ताफ जावेद, शिवा, मोहम्मद सैफ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
