रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के बरदह थानां क्षेत्र के जीवली–देवगांव मार्ग पर स्थित पारा गांव के मोड़ के पास शनिवार की भोर में सड़क किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शुक्रवार की रात वह घर से निकला था, लेकिन लौटकर वापस नहीं आया। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है।

मृतक की पहचान बरदह थाना क्षेत्र के पुरसुड़ी गांव निवासी 45 वर्षीय बबलू बनवासी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की रात को वे अचानक घर से निकल गए थे। घरवालों को लगा कि शायद वह पाही के दूसरे घर पर गए हों। लेकिन शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने जीवली–देवगांव मार्ग पर पारा गांव के मोड़ के पास सड़क किनारे उनका शव पड़ा देखा।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने थाना पहुंचकर शव की पहचान की। बबलू बनवासी के चार बेटियां और एक बेटा है। घटना की जानकारी होने पर पत्नी फूला देवी और मां रमावती का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में मातम छा गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।